Tuesday, January 7, 2014

तेरे चले जाने के बाद....


तेरे चले जाने के बाद                      
बैठी रही मैं यूँ ही
बहुत देर तक
अवाक, हैरां, हतप्रभ.
क्यूँ न कह सकी मैं
वो सब कुछ,
जिसे तुम तक पहुँचाने के लिए
मन-ही-मन 
न जाने कितनी 
कहानियाँ गढ़ी थीं मैंने.

तेरी आँखों में छिपी हर हसरत,
दर्द में डूबा हर एहसास,
जख़्म कुरेदती हर मायूसी
खुद-ब-खुद
पहुँचती जा रही थी, मुझ तक.
और ये डर भी 
भाँप लिया मैंने,
कि कहीं पढ़ न लूँ
मैं तेरे मजबूर चेहरे को;
जहाँ सब कुछ
असामान्य होते हुए भी
एक अनजाना-सा
ढोंग रच रहे थे तुम.

सो रहने दिया मैंने भी
मुस्कुराकर, यथावत ही
तेरी नज़रों का 
हर वो भरम,
कि जी सकें हम दोनों ही
अपनी तथाकथित 
निर्दोष 'ज़िंदगानी'
और सुलझ सके हर उलझन
इस नाज़ुक-सी डोर की.

पर दिल तो फिर भी 
भरा जा रहा था
अंदर-ही-अंदर
अपनी ही जन्मी चीत्कारों से,
ढाँढस दे रही थी बेबसी
सपनों की टूटी
उन सारी अपाहिज दीवारों से,
सुबक रहे थे कुछ लम्हे भी
मलबे में कहीं मुँह छुपाए.
शब्द सारे बह गये
बन अश्रु-धार,
हाँ, उसी कोरे काग़ज़ पर,
जहाँ तेरी-मेरी कहानी
लिखी जानी;
अभी बाकी थी.........!

प्रीति 'अज्ञात'

Friday, January 3, 2014

अधूरा सा ख़्वाब.....


हर इक ख़्वाब अब, अधूरा सा लगता है 
दिल का वही कोना आज फिर, टूटा सा लगता है.
अपना समझ सहेजते रहे, उम्र भर जिसको 
वही रिश्ता अब हाथों से, छूटा सा लगता है. 

शहर में आए हैं यूँ तो, पहले भी कई दफ़ा 
इस बार ही सब कुछ, अजूबा सा लगता है.
दिन भी वही है और रातें भी पहली सी हीं
फिर क्यूँ हर लम्हा, अछूता सा लगता है. 

वो आसमाँ के जगमगाते-रोशन सूरज, 
मैं ज़मीन से टिमटिमाती-बुझती इक लौ. 
उन तक पहुँच पाने का ख्वाब; हाँ ख़्वाब है
पर दिल को बेहद, अनूठा सा लगता है. 

एक अरसा हुआ खुशी का हिसाब लगाए, 
एहसास आज भी ये हमसे, रूठा सा लगता है. 
अपने वजूद को तलाशते; आईने से मिले जब हम, 
देखा किए तो 'अक्स' भी अपना, झूठा सा लगता है. 

प्रीति 'अज्ञात'

Thursday, January 2, 2014

थके सपने


दिल की गहराइयों में उतरकर जो 
बैठे थे कहीं,
आज उन शब्दों को हम अपनी 
ज़ुबान देते हैं. 

एक वो हैं, जो कह न सके 
कुछ भी हमसे,
हर एक सवाल पे बस; फीकी
मुस्कान देते हैं. 

करें अब क्या गिला, और कैसी 
शिकायत उनसे,
वो तो बातों में हमें, ये दुनिया 
भुला देते हैं. 

है मिली,एक सी ज़मीं और 
एक ही आसमाँ सबको,
ये तो हम पर है, कि हम किससे
क्या लेते हैं. 

न हो हश्र; इस दिल का वो 
पहले सा कहीं,
डर-डर के हम अपने, पंखों को 
उड़ान देते हैं. 

न जाने खुद से क्यूँ हारे हुए;
लगते हम हैं,
सपने भी आके अब, बेहद 
थकान देते हैं..... 

प्रीति 'अज्ञात'

Tuesday, December 31, 2013

ग़ज़ल


कुछ तो है कहीं, ये जो थोड़ा प्यार सा है
नशा है तेरा, चाहत या इक ख़ुमार सा है.

मिला करता है मचलकर रोज ही तू मुझसे 
रहता बेवक़्त फिर भी तेरा इंतज़ार सा है.

न बीता कोई भी लम्हा इस तरह पहले 
जिस तरह दिल अब मेरा बेक़रार सा है.

महसूसा तुझे मुझमें ही कहीं हर मर्तबा
बहता मेरी रग-रग में तेरा दीदार सा है.

छू गयी आकर कुछ ऐसे ये दस्तक तेरी
इन साँसों में ही इस जीस्त का दरबार सा है.

तू ही सुकून, है ख़्वाहिश, चैनो-अमन मेरा
मेरी हर नब्ज़ को समझता चारागार सा है.

प्रीति 'अज्ञात'

Thursday, December 26, 2013

हो सके तो.....


बीता ये वर्ष भी
ठीक उसी तरह
जैसे कि हर बार
बीतता आया है.
वही विश्वासघात,
थोथी मानसिकता,
घिनौनी सोच,झूठा अपनापन
नक़ली रिश्ते, खोखले वादे 
और स्वार्थ-सिद्ध होते ही
जहर उगलते लोग.

मर-मर के देते रहे
साथ जिनका
हाथ उन्हीं ने झटका
सबसे पहले.
आरोप-प्रत्यारोप में
कुचलता गया हर एहसास,
बदल गये रिश्ते,
उखड़ने लगी आवाज़ें,
उलाहने, ताने, बेबसी
और आहत, व्यथित मन.

प्रण इस बार भी वही
कि अब ना करेंगे
किसी पर कभी विश्वास
पर ये भी खबर है
होगा फिर यही सब कुछ
शायद नये रूप में
क्योंकि नहीं ढाल पाए
खुद को, जमाने के रंग में
न हम समझ सके
न ही औरों ने कोशिश की.

पर आज फिर से सुनो
जो कहा है, अब तक
सच्चाई से भला, तुम सब
मुँह मोडोगे कब तक ?
एक ही ज़िंदगी है, जो
फिसल रही है, शनै:-शनै:
अपने अंतिम पड़ाव की ओर.
हो सके, तो जी लो इसे
वरना यूँ ही गुजर जाएगी,
ये भी..................हाँ,
ठीक तुम्हारी-मेरी तरह....!

प्रीति 'अज्ञात'

Thursday, December 19, 2013

ग़ज़ल

धड़कनों ने साँसों को करके ग़ुलाम भेजा है
ज़िंदगी संग मौत का ये पैग़ाम भेजा है

थक गये करते-करते जी- हज़ूरी दुनिया की
आज हमने खुद से, खुद को सलाम भेजा है.

इक उम्र होती है यादों की भी, कब तक जिलाते उनको
अब इक लिफ़ाफ़ा तेरे शहर से, अपने नाम भेजा है.

है रात काली और साया भी गुमशुदा सा हुआ 
ख़ुदा तूने साथ में ये कैसा, इंतजाम भेजा है

.है मतलबी सब लोग, साथ वक़्त के  बदल जाते हैं
इस हक़ीक़त को बताकर मुझे, किस्सा तमाम भेजा है.

इस मुफ़लिसी में अश्क़ तो चुपचाप बस गिरते रहे
अपनी दुआ का फिर भी उन्हें,देखो ईनाम भेजा है. 

ना मानी हार, थे गुमनाम पर ज़िंदा अभी
हैं ख़ुशनसीब जो तूने ही मेरा क़त्ले आम भेजा है.

प्रीति अज्ञात'

सच कहना !


मत देखना तुम मुझे अब कभी पलटकर
कि नहीं देख सकोगे, मेरे चेहरे की ये उदासी
रख लेना जोरों से हाथ अपने कानों पर,
जो कभी आहट सुनो, आने की तुम ज़रा-सी.

झटक देना सर अपना, जब बनने लगे
आँखों में बीते लम्हों की तस्वीर्रे
नहीं बदल सका है कोई चाहकर भी 
हाथों की लकीरें और बेबस तक़दीरें.

कोई प्यार से पुकारे, न सुनना उसे भी

मेरा नाम तक जेहन में न आने देना
यादों का क्या, मुफ़्त ही मिल जाती हैं
भुला दो हँसकर, बस दिल तक न जाने देना.

हाँ, कह दो अब अकड़कर कि ये तो तुम

बड़ी ही आसानी से कर पाओगे
पर सच कहना, क्या तुम भी फिर
मेरी ही तरह यूँ घुट-घुटकर न मर जाओगे ?

प्रीति 'अज्ञात'