Friday, August 23, 2013

Mere Wo Khat...

मेरे वो ख़त...... 
भेजे थे तुमको,कुछ मैने 
रातों को गिन-गिन तारे. 
फ़िर बैठी थी,उम्मीदों में, 
अब तू मेरा नाम पुकारे. 

 माना क़ि दूरी है थोड़ी, 
पर हममें, कुछ गिले नहीं हैं. 
मेरे जो नन्हे से ख़त थे, 
क्या वो तुमको मिले नहीं हैं? 

 छुप-छुप कर देती हूँ तुमको , 
तेरा मुझ पर जो अधिकार. 
यूँ बाक़ी है चाह अभी ये, 
कदमों में भर दूं ,संसार. 

 पहले थी जो झिझक, गई अब 
लब पहले से, सिले नहीं हैं. 
मेरे वो नन्हे से ख़त क्या 
अब भी तुमको मिले नहीं हैं? 


 आँखों की बिज़लियों से निकलीं, 


सारी किरणें तुम तक भेजीं. 
पैग़ाम तेरा अब तक ना आया, 
हमने सारी उम्र सहेज़ी. 

 जीवन के आख़िरी चरण में, 
पहले से वो, सिलसिले नहीं हैं. 
एक बार अब,आकर कह दो 
सच में!वो ख़त मिले नहीं हैं !!! 
प्रीति 'अज्ञात' 

Saturday, August 10, 2013

Bachpan Ki Yaaden

बचपन की यादें 
 
कैसा सूनापन था उस दिन 
घर के हर इक कोने में, 
नानी तू जिस दिन थी लेटी 
पतले एक बिछौने में. 
फूलों सा नाज़ुक दिल मेरा  
सबसे पूछा करता था, 
कहाँ गया, मेरा वो साथी 
जो, सुख से झोली भरता था? 
कैसे तू अपने हाथों से 
हर पल मुझे खिलाती थी, 
माथे की सलवटों में तेरी 
बिंदिया तक मुस्काती थी. 
तू प्यार से मिलती, गले लगाती 
जाने क्यूँ रोया करती थी? 
तेरे गालों के गड्ढों से मैं 
लिपट के सोया करती थी. 
पर मन मेरा था, अनजाना सा 
कुछ भी नहीं समझता था, 
तुझसे जुदा होने का तब 
मतलब तक नहीं अखरता था. 
अब आँगन की मिट्टी खोदूं 
तेरी रूहें तकती हूँ, 
संग तेरे जो चली गईं 
खुशियाँ तलाश वो करती हूँ. 
आँसू बनकर गिरती यादें 
बस इक पल को तू दिख जाए. 
पर दुनिया कहती है, मुझसे ये 
जो चला गया, फिर ना आए ! 
 प्रीति 'अज्ञात' :( 

Tuesday, August 6, 2013

Teri Dosti...

तेरी दोस्ती 
 
मित्रता दिवस पर याद आया वो तेरा 
साथ में बेमतलब का खिलखिलाना 
कभी रूठना, मेरी नादानियों पर 
और फिर गुस्साते हुए मुझको मनाना. 
अपनी ग़लती पर मुँह झुका के 
शुद्ध बेशर्मी से हंस देना तेरा 
फिर अपनी चिल्लाहट से, कुचल देना 
वो समझाईश का हर इक शब्द मेरा. 
वो घंटों बैठे रहना, बस यूँ ही 
कुछ भी ना हो कहने को, जब पास  
सिर्फ़ इशारों में ही समझ लेना 
एक-दूसरे का हर अनबोला एहसास. 
जो सॉरी बोलूं, तो भारी आवाज़ से 
झूठी नाराज़गी का दर्शाना 
और थॅंक्स सुनते ही, बारिश सा 
मुझ पर बेतहाशा बरस जाना. 
सुनना, बड़े ही स्नेह से 
मेरी हर उल्टी-सीधी परेशानी 
कभी दिखाई, मेरी फ़िज़ूल के क़िस्सों पे 
तुमने अपनी हैरानी. 
झलकती है, हर पल फ़िक्र मेरी 
तेरी शांत, सुरीली बातों में 
बस गई हूँ, मैं भी बिन पूछे 
तेरी इन प्यारी आँखों में. 
पर ना सोचना कभी भी, कि 
ये रिश्ता, मजबूरी है 
जीने के लिए, ए- दोस्त 
तेरी दोस्ती बेहद ज़रूरी है. 
 
प्रीति 'अज्ञात'