Monday, October 13, 2014

काश ! यूँ होता....या न होता ? :O

काश, मैं भी पुरुष होती !
खड़ी हो जाती लाइन में बेझिझक
पहचाने चेहरों को ढूँढे बगैर
शाम होते ही, पहुँच जाती
किसी गली के नुक्कड़ पे
हँसती जोरों से, बेमतलब ठहाके लगाती
चिल्लाकर पुकारती, अपने दोस्तों को
नि:संकोच, 'अबे, साले' कहकर.
घूरती हर आती-जाती लड़की को
और फिर कनखियों से, मैं भी मुस्कुराती.

जहर ही सही, पर चखती,
एक बार तेरी तरह
सिगरेट के कश, कभी मैं भी लगाती
चढ़ जाती दौड़कर, किसी भीड़ भरे डब्बे में
या मजबूरी में लटककर ही जाती
निकल जाती मुँह अंधेरे 
क्रिकेट का बल्ला उठाकर
और देर रात घर आती
न देनी पड़ती सफाई
न होती कभी पिटाई
न करता कोई चुगली मेरी
न बात-बात पे यूँ रो जाती!

न लेती अनुमति किसी की
जो जी में आए, करती-कराती
तू आए न आए, कौन जाने
मैं ही खुद, तुझसे मिलने आ जाती
काश, मैं पुरुष होती
तो इतनी बंदिशें, 
झूठी तोहमतों में बदलकर
दुनिया मुझ पर न लगा पाती
काश, मैं पुरुष होती
तो बेखौफ़ सबकी अकल ठिकाने लगाती
खुद से आसानी से यूँ
बार-बार ना हार जाती
...............................
पर फिर ये भी तो होता न, कि :P
उलझ जाती मैं
गृहस्थी के जंजाल में
बीवी के बवाल में
दुनिया के मायाजाल में
ज़िम्मेदारियाँ और लोगों के ताने
कर देते जीना मुश्किल मेरा
और हँसना पड़ता मुझे हर हाल में
लो फँस गये न, हम खुद
अपने ही फेंके, इस घटिया से जाल में !
उफ्फ, अब 'तनाव' दूर करने के लिए
करनी पड़ेगी शॉपिंग, जल्दी से भागकर
सिनेमाघर के नज़दीक वाले 
अपने उसी पसंदीदा 'मॉल' में ! :D

- प्रीति 'अज्ञात'

Monday, October 6, 2014

'ज़िंदगी' भर 'ज़िंदगी' को, आज़माते रहे 
'ज़िंदगी' भर 'ज़िंदगी' से, मात ही खाते रहे. 

हादसे कितने भी झेले, उफ़ न की दिल ने कभी 
ये भी सच है चुपके से, हर ज़ख़्म सहलाते रहे. 

दुश्मनों की क्या ज़रूरत, दोस्त ही कुछ कम नहीं 
पिघलेंगे वो मोम बन के, खुद को समझाते रहे. 

झूठ और सच की है दुनिया, सच का दामन थाम के 
करके उनसे सच की उम्मीद, मन को भरमाते रहे.

गिर के उठे,खुद को संभाला, हौसला न चरमराया 
अश्क पलकों में सजे थे, लब मगर मुस्काते रहे. 

आरज़ू कितनी थी बाँटी, कितनों के दिल हमने जोड़े 
अपने ख्वाबों को खुरचकर, बस कसमसाते रहे. 

कश्ती सागर में थी डूबी, तैरने की ज़िद न छोड़ी 
टूटी इक पतवार थामे, गोते ही खाते रहे. 

क्यूँ नवाज़ेगा 'खुदा' अब, प्यार से इक 'दिल' भला
लेके इसको हाथ में जब, पत्थरों से टकराते रहे.

- प्रीति 'अज्ञात'

Wednesday, October 1, 2014

ज़िंदा हूँ कहीं....अब भी

मेरे हर सवाल का जवाब है वहाँ
कोसा जाता है, जी भर के मुझे
लगते हैं कई मनगढ़ंत आरोप
ठहराकर दोषी सरेआम
उड़ाई जाती है खिल्ली भी
दिया उलाहना हर अपेक्षा को
मारे वीभत्स ताने भी
सिसकती रहीं उम्मीदें
फिर शब्दों ने उडेली
सहानुभूति बटोरती संवेदनाएँ
कि मनुष्यता का हर भरम रहे बाकी !

अब चस्पा किया गया उन्हें
हर गली, नुक्कड़, चौराहे पर
खींचने को भीड़, भर दिए आकर्षक रंग भी
इन सबके बीच, बेझिझक नीलाम होता रहा 'प्रेम'
ढूंढता रहा अंत तक भौंचक्का हो
अपने ख़त्म होने के, आख़िरी निशाँ
कि जितनी बार भी पोंछना चाहा
खींच दी गई और भी लंबी लकीर
जिसके उस पार प्रवेश निषिद्ध था !

कहीं नहीं दिखी न मिल पाने की क़सक
कहीं नहीं था इंतज़ार का बहता आँसू
नहीं थी खुशी मेरे लिए एक पल को भी
खो गया था, हर वादा
गूँथी जा रही, नई पहेलियों के बीच
कसता गया शिकंजा
और टूटा एक कमजोर रिश्ता
पर फिर भी, नहीं गिला तुझसे
नहीं कोई शिक़ायत
हाँ, कहीं नहीं हूँ बाक़ी
पर तेरी हर धधकती कविता का
'विषय' तो हूँ !

- प्रीति 'अज्ञात'

Thursday, September 25, 2014

वक़्त के साथ-साथ..

ये न कविता है, न कहानी है
वही मासूम ज़िंदगानी है
तुम हँसे थे देख, जिनको कभी
उन्हीं आँखों से गिरा पानी है.

तमाम उम्र जिसका इंतज़ार रहा
वो मिले भी तो, कभी कुछ न कहा
बदलते दौर संग बदलते रहे
रिश्ते हैं या मौसम की ये रवानी है.

वक़्त के दरिया संग बहते रहो
न करो उफ़ भी, ज़ख़्म सहते रहो
कल यहाँ थी, अब दिखेगी कहीं
ये मोहब्बत भी आनी-जानी है.

न गमगीन हो बैठो यूँ अभी
तुम्हारी मौत खुद आएगी कभी
न मानें हार जो हिम्मतवाले
इक कोशिश की फिर से ठानी है.

मतलबी दुनिया में ढूँढे किसको
न चली दिल की भी मनमानी है
दौरे-तूफ़ां में कोई थामेगा तुझे
तेरी ये सोच ही बचकानी है !
- प्रीति 'अज्ञात'
चित्र : गूगल से साभार !

Wednesday, September 24, 2014

उलझनें

वक़्त की तंग गलियों से निकल, 

फिर उसी दोराहे पर आकर खड़े हैं हम. 

जहाँ सच और झूठ की दीवारों पर 

विश्वास और अविश्वास की परछाईं है. 

ख़्वाबों को मुट्ठी में बाँधे हुए, 

जज़्बात की हालात से कैसी ये लड़ाई है? 

कभी बनती और कभी बिगड़ती-सी, 

आसमाँ पर बादलों की कितनी तस्वीरें ! 

कैसे खो-सी जाती हैं धुआँ होकर, 

जैसे ज़िंदगी से मेरी तक़दीरें !

आज फिर भीगी पलकें हैं, और दिल में 

वही ख़लिश-सी छाई है..... 

रुँधे गले से कंपकँपाते शब्द कहते आकर 

इस ज़ंग में भी तूने मात ही खाई है. 

वक़्त का जोर या बदक़िस्मती का शामियाना, 

अपनी तो हर हाल में रुसवाई है. 

साथ देने को तैयार खड़ी खामोश-सी ये 'ज़िंदगी' 

क्यूँ भला अब तक न हमें रास आई है !

- प्रीति 'अज्ञात'

Tuesday, September 16, 2014

शोर..?

सन्नाटे को रौंदती हुई
कुछ आवाज़ें
अपने ही कानों में पलटकर
शोर करतीं हैं
लाख पुकारो
चीखो-चिल्लाओ
घिसटते रहो, संग उनके
मनाओ, अनसुना हो जाने
का भीषण दु:ख
जो पास है, वही
कचोटता रहेगा
स्मृतियों की जुगाली बनकर !

उसका निष्ठुर मन

न जान सकेगा
'जो कहना था..
...बाक़ी ही रहा'
चलो, अलविदा
अब मथता रहेगा मन
उस असीम संभाव्य को
जिसकी तलाश में
बीता समय, मलता चला गया
धूल अपने ही चेहरे पर !

न सुना है, न सुन सकेगा

उम्मीद जो, हर रोज खोई
न शिकायत, न इंतज़ार
बस, वही कसक है बाकी
खैर... आसमाँ के उस पार से
चाहकर भी वापिस
कहाँ लौट सका है कोई !
- प्रीति 'अज्ञात'

Sunday, September 14, 2014

मैं 'हिन्दी'

आज 'हिन्दी दिवस' पर, 'हिन्दी' खुद कैसा महसूस करती होगी, उसके अंतर्मन में झाँककर जानने की कोशिश की है -

मैं 'हिन्दी'
बस आज ही, चमक रही
'मृगनयनी-सी'
कभी बनी
'वैशाली की नगर वधू'
तो कभी
'चंद्रकान्ता'
हो 'मधुशाला'
बहकी भी
खूब लड़ी 'झाँसी की रानी'
'पारो' बन चहकी भी !

दिखी कभी राहों पर
'तोड़ती-पत्थर'
तो कभी
किसी 'पुष्प की अभिलाषा'
कहलाई
'नर हो न निराश करो मन को'
कह 'मैथिली' ने 
उम्मीद की अलख जलाई !

फिर क्यूँ बैठी हूँ
आज तिरस्कृत
'प्रेमचंद' की 'बूढ़ी काकी' बनकर
सिमटी हुई
अपने ही घर के
एक कोने में
कर रही इंतज़ार
कि कोई लेगा सुध
मेरी भी कभी
ठीक वैसे ही जैसे
'हामिद' आया था
'उस दिन'
'अमीना' का चिमटा लेकर !

पर 'हामिद' बन पाना
सबके बस की बात कहाँ
हर 'अहिल्या' को नहीं मिलता
अब कोई 'राम' यहाँ !
बात है 'आत्म-सम्मान' की
हाँ, अस्तित्व और स्वाभिमान की
खड़े होना होगा, स्वयं ही
सुना है....
'कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती'
'बच्चन' ने भी गुना है
'किसी उजड़े हुए को फिर बसाना कब मना है
है अंधेरी रात पर, दीवा जलाना कब मना है'

'हिन्दी' का 'दिया', अब हर घर में जलाना होगा, 'मातृ-भाषा' को उसका खोया सम्मान दिलाना होगा, एक वादा करना होगा, केवल आज ही नहीं....बल्कि हर दिन अपनी 'राष्ट्र-भाषा' को अपनाना होगा ! अन्य भाषाओं का भी मान रहेगा पर 'हिन्दी' किसी से कमतर है, इस सोच को सबके दिलों से निकालना ही होगा ! आख़िरकार...."हिन्दी हैं हम, वतन है...हिंदोस्ताँ हमारा"......सारे जहाँ से अच्छा !
- प्रीति 'अज्ञात'