Sunday, June 21, 2015

बचपन की यादें

कैसा सूनापन था उस दिन 
घर के हर इक कोने में, 
नानी तू जिस दिन थी लेटी 
पतले एक बिछौने में.

फूलों-सा नाज़ुक दिल मेरा 

सबसे पूछा करता था, 
कहाँ गया, मेरा वो साथी 
जो, सुख से झोली भरता था.

कैसे तू अपने हाथों से 

हर पल मुझे खिलाती थी, 
माथे की सलवटों में तेरी 
बिंदिया तक मुस्काती थी.

तू प्यार से मिलती, गले लगाती 

जाने क्यूँ रोया करती थी? 
तेरे गालों के गड्ढों से मैं 
लिपट के सोया करती थी.

पर मन मेरा था, अनजाना-सा 

कुछ भी नहीं समझता था, 
तुझसे जुदा होने का तब 
मतलब तक नहीं अखरता था.

अब आँगन की मिट्टी खोदूं 

तेरी रूहें तकती हूँ, 
संग तेरे जो चली गईं 
खुशियाँ तलाश वो करती हूँ.

आँसू बनकर गिरती यादें 

बस इक पल को तू दिख जाए. 
पर दुनिया कहती है, मुझसे ये 
जो चला गया, फिर न आए !
- प्रीति 'अज्ञात'

पूरा फिल्मी ही है, न ?

समंदर किनारे बैठे
तुम और मैं
सुनेंगे धड़कनों के गीत
अपने मन की ताल पर

हेडफोन का एक-एक सिरा
कानों में ठूँसकर
देंगे विदा दुनिया की
बेहूदा आवाजों को

बाँध लेंगे हौले से
मुट्ठी भर सपना
हाथों को पीठ पीछे
चुपके से बाँधकर

गिनेंगे एडियों तक
छूकर लौटती हुई
अनगिनत इच्छाओं की
बेचैन लहरों को

दूर आसमाँ से टकराता
भावनाओं का ज्वार
देगा भरम मिलन का
इधर, चुप्पी ओढ़ लेगा ह्रदय

नाराज बच्चे-सी, समेटनी होंगी
बेबस मन की तसल्लियाँ
हक़ीक़त की क्रूर दुनिया में
बस यही मायूसी तो मुमकिन है

रेत पर लिखे दो नाम
मिलते हैं, एक-दूसरे से
फिर हो जाते हैं ओझिल
न जाने किन दिशाओं में

चीखती-चिल्लाती स्मृतियाँ
वक़्त के बहाव को
टुकुर-टुकुर देख
बदल लेती हैं, अपनी करवटें

ह्म्‍म्म...यही सच है
जीवन का
बाकी सब तो
पूरा फिल्मी ही
है, न ?
- प्रीति 'अज्ञात'


'अतुकांत कविता'

बेतुकी इक धुन 
काग़ज़ों में लिपटी उदासियाँ
गुमशुदा-से स्वप्न
लंबी इक डगर
सूना, अनजान सफ़र 
कुछ शब्द अन-उकरे
कुछ बादलों में संघनित भरे 
कुछ शुष्क हो, चरमराए
समय की चिलचिलाती धूप में
कुछ वाष्पित हो, 
ढूँढा किए अपने निशाँ
उसी गहरे कूप में 
वहीं ठिठककर रह गये
गिरते रहे लफ्ज़ बन
कुछ बीच राह ही ढह गये
और फिर भटके रास्ते
जुड़ा कोई कहीं
उम्मीद जब थी ही नहीं
शब्द,रिक्त-स्थान,शब्द
शब्द.....? शब्द.....??
क्रम टूटा, बिखरा,खो गया
बढ़ता रहा, तितर-बितर हो
नैराश्यता की ओर!

लय, राग-अनुराग से विमुख
गतिहीन जीवन, अलक्षित-सी सोच
समय से परे
यादों के अनियंत्रित ताबूत में
रोज़ ही एक गहरी कील
खोदती जाती भीतर तक
स्मृतियों का गहरा कुँआ
गोते लगाती, डूबती-उतराती
कृत्रिम-मुस्कान के आवरण तले
अपने होने का भरम बनाती
हारती-टूटती ज़िंदगी
और है भी क्या
एक 'अतुकांत कविता' के सिवा !
- प्रीति 'अज्ञात'

Wednesday, May 6, 2015

बेवक़ूफ़ा !!

'प्रेम'
पता नहीं क्या है 'प्रेम'
पढ़े थे अनगिनत किस्से 
सुनी कितनी कहानियां भी 
लैला-मजनूँ , शीरी-फरहाद,
हीर-राँझा और मोहल्ले की 
गुड्डी और बबलू की 
अखबारों में छपी 
प्रेम कहानी ने भी 
मन को छुआ था कभी 
पर बात बस, वहीँ तक 
सीमित रही 
महसूसा नहीं कभी !

तुम मिले तब,
जबकि इसके होने पर से ही 
यक़ीन उठ चला था 
पर बदलने लगे ख़्याल  
और जाना 
हाँ , यही है 'प्रेम'
तुम्हारी आवाज़ 
मेरी साँसें 
तुम्हारा हँसना 
मेरी धड़कन 
तुम्हारी जीत 
मेरी ख़ुशी 
तुम्हारा दुःख 
मेरी परेशानी 
जीने लगी तुम्हें 
तुमसे पूछे बग़ैर !

यक़ीनन यही  था 'प्रेम'
यही है 'प्रेम'
यही होता होगा 'प्रेम'
वरना तुम्हारा स्पर्श,
अहसास की याद भर 
क्यूँ देती 
जाड़ों में खाई आइस्क्रीम-सी 
गुदगुदाती मीठी सिहरन 
तुम्हारा आलिंगन क्यूँ लगता 
जैसे कछुआ घुस गया हो 
अपने सुरक्षित खोल में 
तुम्हारा चुम्बन क्यूँ देता 
सूखी धरती पर 
पहली बारिश की 
पूर्णता-सा सुख 
तुम्हें याद करती हूँ 
तो भीगता है मन 
सोचो, कैसा होता होगा 
बारहों महीने भीगते रहना !

तुम कुछ कहते क्यों नहीं 
क्या यही है प्रेम ?
क्या यही था प्रेम ?
क्या अब भी मेरे-तुम्हारे बीच 
शामिल है प्रेम ?
अपनी क्या कहूँ 
'बेवक़ूफ़ा' ! 
यही नाम दिया था न 
तुमने मुझे 
हाँ, सच्ची ! तभी तो 
आज भी मैं, 'इसे' 
'महबूबा' का पर्याय मान 
खुश हो लेती हूँ !
- प्रीति 'अज्ञात'

Friday, April 17, 2015

ज़िंदा हूँ मैं

मैं छोड़ती नहीं हूँ उम्मीद
उम्मीद के ख़त्म हो जाने पर भी
नहीं रहती मौन
शब्दों के चुक जाने पर भी
हँसती हूँ व्यर्थ ही
हँसी न आने पर भी
पुकारती हूँ गला फाड़
अनसुना हो जाने पर भी !

कि उम्मीद को छोड़ा
तो फिर रहा क्या ?
जो दोहराया ही न खुद को
तो आख़िर कहा क्या ?
न हँसी व्यर्थ ही
तो कब हँस पाऊँगी
चीखकर जो पुकारा
तो खुद से ही मिलके आऊँगी !

उम्मीद के पूरे होने की, 
स्वार्थी उम्मीद में
अब नहीं जीती मैं
उत्तरों की बाट जोहती 
सूखी सुराहियाँ 
नहीं पीती मैं
हँसती हूँ कि 'ज़िंदगी'
चलती रहे
पुकारती हूँ, कि चलो
मेरी ही ग़लती रहे !

वरना ये समझने में अब
कोई मुश्किल, न कला 
नि:स्वार्थ कोई किसी का
कभी, हुआ है भला !
और फिर एकाएक खिल पड़ती हूँ मैं
जैसे अपनी ही बेवकूफ़ियों से मिल पड़ती हूँ मैं !

है बंजर ज़मीं, उधर सरहदों में
मैं उड़ती इधर, अपनी हदों में
जैसे सोने के पिंजरे का 
इक परिंदा हूँ मैं
ईमां सलामत, तभी तो
"ज़िंदा हूँ मैं" !

- प्रीति 'अज्ञात'

Wednesday, April 1, 2015

'आख़िरी ख़त' (?)

तुम्हारे नाम का 'आख़िरी ख़त'  
न जाने कितनी बार
लिखा, मिटाया
हर बार जताना चाहा 
अपना गुस्सा
पर कुछ इस तरह
कि तुम
उदास न हो जाओ कहीं
मैं जानती हूँ
तुम जानते हो
दिल जानता है
'उदासियाँ' व्यर्थ हैं !

मात्र 'उदास' हो जाने से ही
नहीं बदल सकती होनी
होता है कहीं कुछ
तो इन उदासियों का 
ख़ामोशी से 
मायूस समर्पण
मायूसी का भंवर
निगल लेता 
एक ही झटके में 
पर डुबोता धीरे-धीरे
कि दर्द की तलहटी में
सहम बैठ जाये,
उम्मीदों का कलेजा
और डूबते-उतराते
निर्जीव हो, बिखरने लगें 
इच्छाओं के 'पर' !

यक़ायक़ खो गए 
शब्दों के मायने
सुर्ख़ यादें, झर रहीं
पीले पत्तों-सी
व्यथित हृदय
पूछता सवाल
दोषी कौन ?
बहते जवाब 
'अर्थ' बन,
मुर्दा आँखों से

अथाह सागर
खोया किनारा
हतप्रभ लहरें
न समझ सकीं
कब लौटने लगे
शिकायतों के पाँव
अनधिकृत क्षेत्र में
प्रवेश, वर्जित देख
ठगी-सी खड़ी,
इक बँधी मुट्ठी में 
अब तक भौंचक,
'आख़िरी ख़त'
कसमसाया और 
पुर्जा-पुर्जा हो
गलता रहा वहीं
इधर टुकड़ा-टुकड़ा मन,
फैलने लगा
काग़ज़ों पर !
- प्रीति 'अज्ञात'

-- 

Saturday, March 28, 2015

एक बोरी आँसू

समय की चारपाई में 
कसकर बंधीं साँसें 
जूझती प्रतिदिन  
विचारों की
रस्साकशी से  
समाज की खूँटियों पे 
लटके मुर्दा संस्कार
दफ़न नहीं होते !

हर खुरदुरी मार पर
कराहता इक स्वप्न
करवट बदलकर
रोता हुआ 
बदल लेता 
आशाओं का सिरहाना
रेशमी स्वप्न
टाट की बोरी 
रास क्यूँकर आते भला 
खुरच जाता 
भावनाओं का नाज़ुक तन
बिछौने की मार
सहते हुए

उम्मीदों के छप्पर से
औंधे मुँह गिरती
एक उदास बूँद
मिलकर माटी में
शूल-सा रेत देती
कोशिशों का गला

घिसटते भाग्य की
टूटी चप्पलों के साथ
सूखा, पपड़ाता मन
इच्छाओं के होंठों पर
फेरकर जीभ
निर्मम हो
खुद ही गटक लेता
महत्वाकांक्षा की निबौली 

मौन अभिलाषा
टीस बन कोसती
लकड़ी की चारदीवारी को 
बंधे खूंटे से उठकर 
लड़खड़ाते प्रतिदिन 
कोशिशों के पाँव
ढूँढते हैं सहारा
खोलने को बंद खिड़कियाँ
उलझी, कमजोर, जिबरियों में
जाने कितनी गाँठे
टूट जाते है, दुखते है
कितने हिस्से 
आह ! इसे बुनने में
कितनी दफ़ा भीगा होगा
बुनकर का मन

गिरकर, छूटता है
इक छोर
बार-बार , लगातार 
और अचानक धूप-छाँव के खेल से
तंग आकर
चरमराती है
जीवन की चारपाई
तभी सहारा देने को
रेंगता 
जिम्मेदारियों की झोली से 
सरक, मजबूरी का अंतिम ठीकरा

चीखता इंसान 
पीटता है सर 
क़िस्मत की निष्ठुर
मजबूत दीवारों पर 
लहूलुहान हो हँसता  
स्वप्नों की सुतलियों से 
कसकर बाँध देता
वही एक बोरी आँसू
कि मन की दरारों से 
रिसता रहे हर ज़ख्म 
न वक़्त, न दुआ 
नामंज़ूर अब, हर मरहम !
- प्रीति 'अज्ञात'